अंतिम संशोधित (Last Updated): October 13, 2026
‘ब्रह्मराक्षस’ कविता का सारांश, मूल पंक्तियाँ और संपूर्ण व्याख्या (Brahmrakshas Kavita Summary and Analysis)
हिंदी कविता के इतिहास में अपनी क्लिष्ट भाषा, गहरी अंतःचेतना और वैचारिक द्वंद्व के लिए प्रसिद्ध प्रख्यात प्रगतिशील कवि गजानन माधव मुक्तिबोध की लंबी और अत्यंत महत्वपूर्ण फैंटेसी कविता ‘ब्रह्मराक्षस’ आधुनिक मानव के बौद्धिक संकट, आत्म-संशोधन और ज्ञान-कर्म के अलगाव की एक ऐतिहासिक रचना है। प्रतियोगी परीक्षाओं (जैसे UGC NET/JRF, TGT, PGT) की दृष्टि से इस कविता का गहन अध्ययन अत्यंत महत्वपूर्ण है।
Quick Overview (संक्षिप्त परिचय)
-
कविता का नाम: ब्रह्मराक्षस
-
रचयिता: गजानन माधव मुक्तिबोध
-
विधा: लंबी फैंटेसी कविता
-
मुख्य विषय: ज्ञान और कर्म का अलगाव, बौद्धिक अहंकार, आत्म-संशोधन, आत्म-परिष्कार और समाज से कटा हुआ मेधावी वर्ग
-
प्रमुख प्रतीक: सुनसान बावड़ी, सीढ़ियाँ, गूलर का वृक्ष, उल्लू, ब्रह्मराक्षस और जीवन-गणित का मैदान
ब्रह्मराक्षस कविता का सारांश
गजानन माधव मुक्तिबोध की लंबी फैंटेसी कविता ‘ब्रह्मराक्षस’ आधुनिक युग के उस अत्यंत मेधावी और ज्ञानी बुद्धिजीवी वर्ग की अंतर्कथा है, जो अपने ज्ञान के अहंकार और जनजीवन से कटाव के कारण आत्म-संशोधन की अंधी गली में भटक जाता है। बावड़ी के अंधकार में कैदी की तरह जीवन बिताने वाला ब्रह्मराक्षस अपने पूर्वकृत पापों और बौद्धिक मलिनता को धोने के लिए रात-दिन प्रायश्चित करता है, किंतु ज्ञान और कर्म का अलगाव होने के कारण उसका आत्म-परिष्कार पूरा नहीं हो पाता। अंततः वह वैचारिक उलझनों और अतिरेकवादी पूर्णता की तलाश में असमय काल-कवलित हो जाता है। कवि मुक्तिबोध इसके माध्यम से यह संदेश देते हैं कि केवल पुस्तकीय ज्ञान या बौद्धिक विलास का कोई मूल्य नहीं है, जब तक वह जनकल्याण और कर्म से न जुड़ा हो।
ब्रह्मराक्षस कविता का भाषा शिल्प
गजानन माधव मुक्तिबोध की प्रसिद्ध कविता ‘ब्रह्मराक्षस’ के भाषा-शिल्प की प्रमुख विशेषताएँ निम्नलिखित हैं:
-
प्रतीकात्मक और बिम्बात्मक भाषा: कविता में ‘बावड़ी’, ‘सीढ़ियाँ’, ‘गूलर का वृक्ष’, ‘उल्लू’ और ‘जीवन-गणित का मैदान’ जैसे प्रतीकों और अमूर्त बिम्बों का अत्यंत प्रभावी प्रयोग किया गया है, जो आंतरिक मानसिक स्थिति को दृश्य रूप देते हैं।
-
क्लिष्ट एवं तत्सम प्रधान शब्दावली: मुक्तिबोध की भाषा में संस्कृतनिष्ठ तत्सम शब्दों की प्रधानता है, जो उनके वैचारिक गंभीर और दार्शनिक स्वभाव के अनुकूल है।
-
फैंटेसी का अद्भुत प्रयोग: इस लंबी कविता में यथार्थ और कल्पना का समन्वय करते हुए एक सशक्त ‘फैंटेसी’ (Fantasy) का ताना-बाना बुना गया है, जो आधुनिक बौद्धिक संकट को उभारती है।
-
लयात्मकता और प्रवाह: कविता में पारंपरिक छंदों के साथ-साथ मुक्त छंद का ऐसा प्रयोग किया गया है जो ब्रह्मराक्षस के मन के भीतर चल रहे अंतर्विरोध, छटपटाहट और बड़बड़ाहट के प्रवाह को सजीव कर देता है।
ब्रह्मराक्षस’ कविता की सप्रसंग व्याख्या
आरंभिक बिम्ब और सूनी बावड़ी का वर्णन
शहर के उस ओर खण्डहर की तरफ
परित्यक्त सूनी बावड़ी
के भीतरी
ठंढे अँधेरे में
बसी गहराइयाँ जल की….
सीढ़ियाँ डूबी अनेकों
उस पुराने घिरे पानी में….
समझ में आ न सकता हो
कि जैसे बात का आधार
लेकिन बात गहरी हो।
-
प्रसंग: प्रस्तुत पंक्तियाँ मुक्तिबोध की ‘ब्रह्मराक्षस’ शीर्षक कविता की आरंभिक पंक्तियाँ हैं, जिनमें उन्होंने एक सुनसान बावड़ी का बिम्ब प्रस्तुत करते हुए इस कविता की रहस्यपूर्ण शुरुआत की है।
-
भावार्थ: अपनी अन्य कविताओं की तरह प्रस्तुत कविता में भी अंधकार युक्त सुनसान-वीरान बावड़ी का वर्णन करते हुए कवि कह रहा है कि शहर की दूसरी ओर, जहाँ खंडहर विद्यमान हैं, वहाँ पर एक ऐसी सूनी बावड़ी है, जिसके उपयोग को लोगों ने त्याग दिया है। अर्थात् उस सुनसान बावड़ी की ओर कोई भी नहीं जाता है। उस बावड़ी का भीतरी भाग ठंडा व अंधकार युक्त रहता है तथा वहाँ पर अत्यधिक गहरा जल विद्यमान है। वहाँ जल में डूबी हुई सीढ़ियाँ दृष्टिगोचर होती हैं। उस बावड़ी के जल की गहराई उसी प्रकार अनबूझ पहेली-सी है जैसे किसी गंभीर बात का मूसलाधार अनबूझ रहते हुए भी हम यह स्वीकार कर लेते हैं कि कोई गहन-गंभीर बात कही जा रही है। अभिप्राय यह है कि चाहे उस बावड़ी का जल गंभीर हो अथवा न हो, उसे देखकर यह भ्रम अवश्य होता है कि उसमें अगाध जल होना चाहिए।
बावड़ी का प्राकृतिक परिवेश और अतीत की श्रेष्ठता का आभास
बावड़ी को घेर
डालें खूब उलझी हैं,
खड़े हैं मौन औदुम्बर
व शाखाओं पर
लटके घुग्घुओं के घोंसले
परित्यक्त भूरे गोल।
विगत शत पुण्य का आभास
जंगरी हरी गन्ध में बसकर
हवा में तैर
बनता है गहन सन्देह
अंजानी किसी बीती हुई उस श्रेष्ठता का जो कि
दिल में एक खटके-सी लगी रहती है।
-
प्रसंग: पूर्ववत्।
-
भावार्थ: उस बावड़ी संबंधी बिम्ब की अन्य रेखाओं का स्पष्टीकरण करते हुए कवि आगे कहता है कि उस बावड़ी पर मूक या शांत भाव से ऐसा गूलर का वृक्ष खड़ा हुआ है, जिसकी दीर्घ शाखाएँ उस बावड़ी पर छाई हुई हैं और जिन पर उल्लुओं के गोल एवं भूरे रंग के ऐसे घोंसले लटक रहे हैं, जिनमें रहना उन्होंने त्याग दिया है। यह स्थान इतना अधिक वीरान है कि उल्लुओं ने भी वहाँ रहना त्याग दिया है। कवि आगे कहता है कि उस खण्डहर और बावड़ी के अंतर्गत अतीतकालीन ऐश्वर्यपूर्ण वातावरण का आभास उस जंगल की हरीतिमा में गंध के रूप में रचा-बसा है। किन्तु, जब वह गंध हवा में मिश्रित होती है, तो अंतर्मन में एक आशंका से ओत-प्रोत हो उठता है और अतीतकाल के सम्बन्ध में सोचने लगता है कि जब हम उस खण्डहर और बावड़ी के ऐश्वर्यपूर्ण श्रेष्ठम दास थे, जब वे सुचारू-दशा में थे और उसका उपयोग किया जाता था। कवि का संकेत इस ओर है कि मन में हर आशंका उत्पन्न हो जाती है कि जिन कार्यों से इनसे पुण्य क्षीण हो गये हैं, जिससे आजकल यह अस्तव्यस्त और वीरानगी की दशा भोग रहे हैं। आज उस श्रेष्ठता पर कवि को संदेह हो रहा है।
आषाढ़ का एक दिन – सारांश, पात्र, उद्देश्य और प्रश्न
ब्रह्मराक्षस का आत्म-संशोधन और मलिनता धोने का प्रयास
गहन अनुमानिता
तन की मलिनता
दूर करने के लिए प्रतिपल
पाप छाया दूर करने के लिए, दिन-रात
स्वच्छ करने
ब्रह्मराक्षस
घिस रहा है देह
हाथ के पंजे बराबर,
बाँह-छाती-मुँह छपाछप
खूब करते साफ,
फिर भी मैल
फिर भी मैल!!
-
प्रसंग: प्रस्तुत पंक्तियों में कवि ने अपने मूल कथ्य के नायक ब्रह्मराक्षस का परिचय देते हुए दिखाया है कि वह उस सुनसान बावड़ी में प्रविष्ट होकर पागलों की तरह कुछ बड़बड़ाता रहता है और अपने तन की मलिनता को धोने के उद्देश्य से अपने मुँह, हाथ, पैर आदि को निरंतर धोता रहता है।
-
भावार्थ: कवि कहता है कि उस अत्यधिक गंभीर और सुनसान बावड़ी के अन्तर्गत एक ब्रह्मराक्षस रहता है जिसकी पागलों जैसी बड़बड़ाहट की अनुगूँज भीतर से आती हुई अनुभव होती है। वह ब्रह्मराक्षस गहन अनुमान लगा रहा है और शरीर के मैल को दूर करने के लिए तथा अपने पूर्व में किए गए पापों का प्रायश्चित करने के लिए वह रात-दिन स्वयं को शरीर पर घिस रहा है तथा अपने बाँह तथा मुँह को पानी से धो रहा है, लेकिन मैल फिर भी दूर नहीं हो रहा है। अर्थात् लाख प्रयत्न करने पर भी न तो शारीरिक मलिनता दूर हो पाती है और न उन उसका आत्म-परिष्कार ही हो पाता है। यह अनुभूति उसको निरंतर पीड़ित करती रहती है कि मेरे तन-मन पाप लिप्त है तथा मेरी भावनाएँ और संकल्पनाएँ सभी मलिन हैं।
बौद्धिक द्वंद्व और दार्शनिक वैचारिकता
और…..होंठों से
अनोखा स्त्रोत कोई क्रुद्ध मन्त्रोच्चार,
अथवा शुद्ध संस्कृत गालियों का ज्वार,
मस्तक की लकीरें
बुन रहीं
आलोचनाओं के चमकते तार!!
उस अखण्ड स्नान का पागल प्रवाह….
प्राण में संवेदना है स्याह!!
-
प्रसंग: प्रस्तुत पंक्तियों में कवि ने इस तथ्य का चित्रांकन किया है कि बावड़ी के गहन अंधकार में कैदी की तरह जीवन बिताने वाले ब्रह्मराक्षस के मस्तक पर चिंतन-मनन की गहरी रेखाएँ उभर आती हैं।
-
भावार्थ: कवि कहता है कि वह ब्रह्मराक्षस होंठों से न जाने क्रोध में भरकर कोई विचित्र मन्त्र का जाप करता है अथवा संस्कृत में गालियाँ देता रहता है, इस सम्बन्ध में निश्चयपूर्वक कुछ नहीं कहा जा सकता। हाँ इस प्रक्रिया में उसके मस्तक पर गहन चिंतन-मनन की प्रतीक जो रेखाएँ उभर आती हैं, उन्हें देखकर इस तथ्य का परिज्ञान होता है कि वह किसी गंभीर आलोचना प्रत्यालोचना में उलझा हुआ है। वह अथक रूप से स्नान करते हुए भी शुद्ध-परिष्कृत नहीं हो पा रहा है। इस तथ्य की अनुभूति के फलस्वरूप उसकी संवेदना अंधकारमय हो उठी है। वह यह सोचकर घोर निराशा-अंधकार में डूबा हुआ है कि मेरे आत्म-परिष्कार के प्रयास निष्फल सिद्ध हो रहे हैं।
ज्ञान-गुरु और पाश्चात्य-भारतीय मनीषियों का पुनराख्यान
सुमेरु-बेबिलोन जल-कथाओं से
मधुर वैदिक ऋचाओं तक
वे तब से आज तक के सूत्र
छन्दसा, मन्त्र, थ्योरम,
सब प्रमियों तक
कि मार्क्स, एंजेल्स, रसेल, टॉएन्बी
कि हीडेगर व स्पेंगलर, सार्त्र, गाँधी भी
सभी के सिद्ध-अन्तों का
नया व्याख्यान करता वह
नहाता ब्रह्मराक्षस, श्याम
प्राक्तन बावड़ी की
उन घनी गहराइयों में शून्य।
-
प्रसंग: प्रस्तुत पंक्तियों में कवि ने इस तथ्य का चित्रांकन किया है कि जब ब्रह्मराक्षस का अंतर्मन इस धारणा से ओत-प्रोत हो उठता है कि आकाश और उसके ग्रह-नक्षत्रों ने उसको ज्ञान-गुरु स्वीकार करते हुए उसके समक्ष शीर्ष झुका दिया है, तो वह प्रसिद्ध विद्वानों एवं पाश्चात्य मनीषियों के सिद्धान्तों का पुनराख्यान करने में संलग्न हो जाता है।
-
भावार्थ: कवि कहता है कि जब उस ब्रह्मराक्षस को अपनी ज्ञान-गुरुता का आभास हो जाता है तो वह दुगुने क्षिप्रता और अतीव ओजपूर्वक प्राचीनक के प्रायः सभी प्रमुख सिद्धांतों की व्याख्या और पुनराख्यान में संलग्न हो जाता है। वह सुमेरू और बेबिलोन प्रदेशों की लोककथाओं से लेकर वैदिक मन्त्रों तथा वैदिक काल से लेकर अभी तक विकसित हुए छंदों, मंत्रों, थ्योरीम और प्रेमियों की पुनर्व्याख्या करने लगता है। वह कार्ल मार्क्स, एंजेलस, रसेल, टायन्बी, हीडेगर, स्पेंगलर, सार्त्र जैसे पाश्चात्य मनीषियों के साथ-साथ गाँधी आदि भारतीय मनीषियों के भी सिद्धांतों का पुनराख्यान करने लगता है और वह इतिहास मन रूपी उस बावड़ी की अगम सुनसान गम्भीरताओं में अवगाहन करने लगता है अर्थात् परंपरागत मूढ़ विचारों को अपने ज्ञानलोक द्वारा सुधारने-सँवारने का प्रयास करने लगता है।
अतिरेकवादी पूर्णता और अंतर्विरोध
….अतिरेकवादी पूर्णता की तृप्ति करना
कब रहा आसान
मानवी अंतर्कथाएँ बहुत प्यारी हैं!!
-
प्रसंग: पूर्ववत्।
-
भावार्थ: अन्तःचेतना-रुपी उस ब्रह्मराक्षस के सम्मुख एक अत्यधिक ऊँचा काला जीना है, जिसकी सीढ़ियाँ भीतर की ओर भी न जाने किस रहस्यमय लोक की ओर जाती हैं। ब्रह्मराक्षस उस अंधकारमय एवं रहस्यमय जीने में बार-बार ऊपर की ओर चढ़ता और नीचे की ओर उतरता रहता है। इस निरंतर चढ़ने-उतरने की प्रक्रिया के कारण उसके पैर में मोच आ गई है और उसका वक्षस्थल भी क्षत-विक्षत हो उठा है। उसकी अंतःचेतना में सत् और असत् के मध्य जो द्वन्द्व छिड़ा रहता है, जिससे भी भयानक संघर्ष अचछे और उससे भी अच्छे भावों के मध्य तना रहता है, जिसमें थोड़ी सी भी सफलता गम्भीर प्रतीत होती है, जबकि असफलताएँ भी सत्य ही प्रतीत होती हैं। अर्थात् ब्रह्मराक्षस के हृदय में पूर्णतिपूर्ण होने की जो उत्कृष्ट लालसा विद्यमान है, उसमें आने वाली बाधा-विषमताएँ ही उसे प्रेम करती हैं। पूर्णता की चरमवस्था पर पहुँचने के लिए वह निरन्तर आत्मलोचन करता रहता है, तथापि उसकी आत्मा संतुष्ट नहीं हो पाती है।
वैचारिक उलझन और विडंबनापूर्ण मृत्यु
मारा गया, वह काम आया,
और वह पसरा पड़ा है…..
वक्ष-बाँहें खुली फैली
एक शोधक की।
….मैं ब्रह्मराक्षस का सजल-उर शिष्य
होना चाहता हूँ।
-
प्रसंग: अतिरेकवादी पूर्णता के लिए व्याकुल ब्रह्मराक्षस को जटिल गणित के मैदान में असफल और असमय काल-कवलित होते हुए चित्रित किया गया है। अंत में कवि उसकी वैचारिक वेदना को समझते हुए उसका शिष्य बनने की अभिलाषा व्यक्त करता है।
-
भावार्थ: कवि कहता है कि उस ब्रह्मराक्षस की आत्म चेतना में निरन्तर एक जीवंत संघर्ष चलता रहता है और वह स्पष्ट रूप में विश्व-चेतना के साथ तदाकार होना चाहता था। विश्व चेतना का अकृत्रिम प्रतिरूप होने के कारण वह सदैव आत्म शोधन और आत्म परिष्कार के लिए विषाद मग्न बना रहता था। काश! यदि मेरा उससे उन दिनों परिचय हो गया होता तो मैं उसके जीवन की अंतर्कथाओं को स्वयं वहन कर लेता और उसको भार-मुक्त करते हुए इस तथ्य का ज्ञान कराता कि उस जैसे हित चिंतन में लीन व्यक्तियों के उनके लिए ही अत्यधिक महत्व नहीं है, अपितु मुझ सरीखे उन लोगों के लिए भी अपार महत्व है जो उसके चरण-चिह्नों पर चलने की अभिलाषा संजोए हुए हैं। कविता की अंतिम पंक्तियों में कवि यह संकल्प व्यक्त करना है कि अतिरेकवादी पूर्णता को प्राप्त करने के अभिलाषी तथा सदैव आत्मपरिष्कार एवं जनहित चिंतन की भावनाओं में मग्न रहने वाले भावुक, तर्क और कर्म के मध्य सामंजस्य बिठाने के लिए आतुर रहने वाले उस ब्रह्मराक्षस का मैं एक सहृदय शिष्य बनने का आकांक्षी हूँ।
💡 परीक्षार्थियों के लिए विशेष परीक्षा उपयोगी टिप्स (Exam Tips)
-
फैंटेसी का स्वरूप: मुक्तिबोध की यह कविता एक सशक्त फैंटेसी है, जिसके माध्यम से बुद्धिजीवी वर्ग की आंतरिक त्रासदी को उकेरा गया है।
-
प्रतीक विधान: ‘बावड़ी’ अचेतन मन और इतिहास का प्रतीक है, तथा ‘ब्रह्मराक्षस’ अहंकार और ज्ञान से ग्रस्त उस मेधावी का प्रतीक है जो जनजीवन से कट गया था।
-
व्यापक संदेश: कविता यह संदेश देती है कि केवल पुस्तकीय ज्ञान या बौद्धिक विलास का कोई मूल्य नहीं है, जब तक वह जनकल्याण और कर्म से न जुड़ा हो।
निष्कर्ष (Conclusion)
गजानन माधव मुक्तिबोध की ‘ब्रह्मराक्षस’ कविता केवल एक काल्पनिक राक्षस की कथा नहीं है, बल्कि यह आधुनिक युग के उस बुद्धिजीवी की अंतर्कथा है जो आत्म-संशोधन के अथक प्रयासों के बावजूद समाज और कर्म से कटकर अकाल मृत्यु को प्राप्त होता है। कवि का इसके माध्यम से यह संदेश है कि ज्ञान और कर्म का समन्वय ही मनुष्य को सार्थकता प्रदान कर सकता है।
रोटी और संसद कविता की व्याख्या
मोचीराम कविता की व्याख्या
नक्सलबाड़ी कविता की व्याख्या
## FAQ (अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न)