हिंदी कविता

कैमरे में बंद अपाहिज – पाठ सार व्याख्या व भावार्थ | रघुवीर सहाय | Camere Mein Band Apahij

Camere Mein Band Apahij Kavita Summary and Explanation - कैमरे में बंद अपाहिज कविता का सार

अंतिम संशोधित (Last Updated): September 21, 2026

कैमरे में बंद अपाहिज – पाठ सार व्याख्या व भावार्थ

हिंदी साहित्य और आरबीएसई/सीबीएसई पाठ्यक्रम की प्रसिद्ध कविताओं में रघुवीर सहाय द्वारा रचित ‘कैमरे में बंद अपाहिज’ (Camere Mein Band Apahij in Hindi) कविता का विशेष स्थान है। यदि आप इस कविता का सार, व्याख्या, मूल भाव (Summary and Explanation) या प्रतियोगी परीक्षाओं की दृष्टि से इसके महत्वपूर्ण प्रश्न-उत्तर ढूँढ रहे हैं, तो यह विस्तृत मार्गदर्शिका आपके लिए अत्यंत उपयोगी है। आइए इस लेख में दूरदर्शन और मीडिया की व्यावसायिक मानसिकता पर तंज कसने वाली इस संवेदनशीलता से भरी कविता को विस्तार से समझें।

एक नजर में (Quick Overview): इस लेख में आगे क्या पढ़ेंगे:

इस विस्तृत लेख में ‘कैमरे में बंद अपाहिज’ कविता से जुड़े निम्नलिखित मुख्य बिंदुओं पर चर्चा की गई है:

  • कविता का परिचय और संदर्भ: रघुवीर सहाय के काव्य संग्रह ‘लोग भूल गए हैं’ से जुड़ी मुख्य जानकारी।

  • कविता का विस्तृत सार (Summary): टीवी स्टूडियो में एक अपाहिज व्यक्ति के साक्षात्कार के माध्यम से मीडिया की संवेदनहीनता का विश्लेषण।

  • पद्य-वार व्याख्या (Explanation): कविता की प्रत्येक पंक्ति का सरल हिंदी में भावार्थ।

  • काव्य सौंदर्य और मुख्य संदेश: शारीरिक चुनौती झेल रहे व्यक्ति के प्रति समाज और मीडिया का रवैया तथा उस पर किया गया करारा व्यंग्य।

कैमरे में बंद अपाहिज(Camere Mein Band Apahij) : कविता सारांश/व्याख्या

कविता का सार (Kamre Mein Band Apahij Summary in Hindi)

इस कविता में कवि ने मीडिया के उस क्रूर चेहरे को दिखाया है जो अपनी टीआरपी (TRP) और व्यावसायिक लाभ के लिए किसी के दुख का भी तमाशा बना देते हैं।

  1. दुख को बेचना: टीवी स्टूडियो में एक अपाहिज व्यक्ति को कैमरे के सामने बिठाया जाता है। रिपोर्टर उससे ऐसे बेतुके सवाल पूछता है जिन्हें सुनकर वह घबरा जाए या रोने लगे। मीडिया का उद्देश्य यह नहीं होता कि वे उस व्यक्ति का दुख दूर करें, बल्कि उनका उद्देश्य यह होता है कि दर्शक रोएं और उनका कार्यक्रम सफल हो जाए।

  2. असहाय स्थिति: रिपोर्टर उस अपाहिज से पूछता है कि “क्या आप अपाहिज हैं?”, “क्या आपको इससे दुख होता है?”। वह चाहता है कि अपाहिज व्यक्ति कैमरे के सामने रो दे ताकि कार्यक्रम में “करुणा” का भाव दिखे और टीआरपी बढ़े। जब अपाहिज व्यक्ति चुप रहता है, तो रिपोर्टर उसे बार-बार टोकता है और उसे अपनी लाचारी दिखाने के लिए मजबूर करता है।

  3. मीडिया का दिखावा: स्टूडियो में लाइटें तेज कर दी जाती हैं ताकि अपाहिज का चेहरा चमकता हुआ दिखे और उसकी घबराहट साफ नजर आए। रिपोर्टर दर्शकों को भी इस खेल में शामिल करता है और उनसे कहता है कि आप भी इस दुख के साथ रोएं।

  4. व्यंग्य: अंत में जब मीडिया को लगता है कि अपाहिज के रोने से उनका काम बन गया, तो वे झट से कार्यक्रम को खत्म कर देते हैं और मुस्कुराते हुए कहते हैं— “धन्यवाद, यह बड़ी मुस्कुराहट है!” यानी उन्हें अपाहिज के दुख से कोई लेना-देना नहीं था, उन्हें बस अपने काम से मतलब था।

रघुवीर सहाय की ‘कैमरे में बन्द अपाहिज’ कविता उनके ‘लोग भूल गये हैं’ काव्य-संग्रह से संकलित है। इसमें शारीरिक चुनौती को झेलते व्यक्ति से टेलीविजन कैमरे के सामने किस तरह के सवाल पूछे जायेंगे और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए उससे कैसी भंगिमा की अपेक्षा की जायेगी, इसका सपाट तरीके से बयान करते हुए एक तरह से पीड़ा के साथ दृश्य-संचार माध्यम के सम्बन्ध को निरूपित किया गया है।

वस्तुतः किसी की पीड़ा को बहुत बड़े दर्शक वर्ग तक पहुँचाने वाले व्यक्ति को उस पीड़ा के प्रति संवेदनशील होना चाहिए, परन्तु दूरदर्शनकर्मी वैसी संवेदनशीलता नहीं रखते हैं। वे तो उस व्यक्ति के प्रति कठोरता का व्ययहार करते हैं तथा अपने कारोबारी स्वार्थ को ऊपर रखकर कार्यक्रम को आकर्षक एवं बिकाऊ बनाने का प्रयास करते रहते हैं।

दूरदर्शन के सामने आकर जो व्यक्ति अपना दुःख-दर्द और यातना-वेदना को बेचना चाहता है, वह ऐसा अपाहिज बताया गया है, जो लोगों की करुणा का पात्र बनता है। प्रस्तुत कविता में मीडिया-माध्यम की ऐसी व्यावसायिकता एवं संवेदनहीनता पर आक्षेप किया गया है।

कैमरे में बंद अपाहिज कविता का उद्देश्य और मूल संवेदना (Uddeshya / Theme)

‘कैमरे में बंद अपाहिज’ कविता का मुख्य उद्देश्य आधुनिक दूरदर्शन और मीडिया की उस निर्दयी, क्रूर और व्यावसायिक मानसिकता को बेनकाब करना है, जो टीआरपी (TRP) और व्यावसायिक मुनाफे के चक्कर में किसी पीड़ित या लाचार व्यक्ति की वेदना का भी खुला तमाशा बना देती है।

इस कविता के माध्यम से कवि रघुवीर सहाय ने निम्नलिखित मुख्य संवेदनाओं और उद्देश्यों को रेखांकित किया है:

  • मीडिया की संवेदनहीनता पर करारा व्यंग्य: आज का जनसंचार माध्यम (खास तौर पर टेलीविजन) किसी की पीड़ा को संवेदनशीलता से दिखाने के बजाय उसे अपने व्यापार और मनोरंजन का साधन बना लेता है। मीडियाकर्मियों के लिए किसी का रोना या तड़पना केवल कार्यक्रम को सफल बनाने का एक जरिया मात्र रह गया है।

  • करुणा के नाम पर ढोंग: साक्षात्कार लेने वाले रिपोर्टर और संचालक का उद्देश्य अपाहिज व्यक्ति के दुःख को दूर करना या उसकी सहायता करना बिल्कुल नहीं होता। उनका एकमात्र उद्देश्य दर्शकों की आँखों में जबरन आंसू लाना और अपनी व्यावसायिक सफलता सुनिश्चित करना होता है।

  • शारीरिक चुनौती झेल रहे व्यक्तियों के प्रति उपेक्षापूर्ण रवैया: समाज और मीडिया अक्सर दिव्यांग या शारीरिक रूप से लाचार व्यक्तियों को सहानुभूति या सम्मान देने के बजाय उन्हें अपनी दया का पात्र बनाकर उनकी आत्मसम्मान को ठेस पहुँचाते हैं।

  • संक्षेप में कहें तो: यह कविता केवल एक अपाहिज व्यक्ति और मीडिया के बीच के संवाद की कहानी नहीं है, बल्कि यह उस पूरी व्यवस्था पर एक तीखा प्रहार है जहाँ मानवीय संवेदनाएँ और भावनाएँ बाजार की वस्तु बन चुकी हैं।

Note :उपसर्ग : परिभाषा, भेद, उदाहरण और संपूर्ण व्याकरण

कैमरे में बंद अपाहिज कविता की व्याख्या

(1)भावार्थ: हम दूरदर्शन पर बोलेंगे

हम दूरदर्शन पर बोलेंगे

हम समर्थ शक्तिवान

हम एक दुर्बल को लाएँगे

एक बंद कमरे में

उससे पूछेंगे तो आप क्या अपाहिज हैं?

तो आप क्यों अपाहिज हैं?

आपका अपाहिजपन तो दुःख देता होगा देता है?

(कैमरा दिखाओ इसे बड़ा बड़ा)

हाँ तो बताइए आपका दुःख क्या है

जल्दी बताइए वह दुःख बताइए।

बता नहीं पाएगा।

कठिन–शब्दार्थ : समर्थ = शक्तिशाली, साधन-सम्पन्न। दुर्बल =कमजोर। अपाहिज=अपंग, जिसका कोई अंग बेकार हो।

भावार्थ – कवि कहता है कि दूरदर्शन के कार्यक्रम संचालक स्वयं को समर्थ और शक्तिमान मानकर चलते हैं। वे अपनी बात को सुदूर तक प्रसारित करने में समर्थ हैं, इस कारण अहंभाव रहता है और दूसरे को कमजोर मानते हैं। दूरदर्शन का कार्यक्रम संचालक कहता है कि हम स्टूडियो के बन्द कमरे में एक कमजोर एवं व्यथित व्यक्ति को बुलायेंगे। उस अपंग व्यक्ति को स्टूडियो के कैमरे के सामने लाकर हम उससे पूछेंगे कि क्या आप अपाहिज हैं? जबकि वह व्यक्ति स्पष्टतया अपंग दिखाई दे रहा है, तो भी पूछेंगे कि आप अपंग क्यों हैं? उससे ऐसा पूछना सर्वथा अनुचित है।

अपाहिज इस प्रश्न का कोई उत्तर नहीं दे पायेगा। तब उसके दुःख को कुरेदा जायेगा और उससे अगला प्रश्न पूछा जायेगा कि आपको अपना अपाहिज होना काफी दुःख देता होगा, अर्थात् अपनी अपंगता पर सुख तो कभी नहीं मिलता होगा? इस तरह अपाहिज जब कुछ नहीं कह पायेगा, तो उसे अपाहिज होने से सचमुच दुःखी होने का समर्थन किया जायेगा।

कार्यक्रम संचालक द्वारा इस तरह पूछने के साथ कैमरामैन को निर्देश दिया जायेगा कि इसके चेहरे पर और अधिक बड़ा करके कैमरा दिखाओ, तो कैमरामैन उसके चेहरे को कैमरे के सामने लाकर उसकी अपंगता को स्पष्ट दिखायेगा। फिर संचालक उत्तेजित होकर अपंग व्यक्ति से पूछेगा कि जल्दी से बताइए, आपका दुःख क्या है? आप अपने दुःख के बारे में सभी दर्शकों को बताइए।

परन्तु वह व्यक्ति अपने दुःख के बारे में कुछ नहीं बतायेगा। संचालक को अपंग व्यक्ति की पीड़ा के प्रति कोई संवेदना नहीं है। वह जानता है कि अपंग व्यक्ति ऐसे प्रश्न पर चुप ही रहेगा। इसलिए वह कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए ऐसे प्रश्न करना अपना कर्त्तव्य मानता है।

विशेष –

  1. प्रस्तुत कविता रघुवीर सहाय के कविता संग्रह ‘लोग भूल गए हैं’ से उद्धृत है।
  2. इसमें इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की हृदयहीनता पर प्रकाश डाला है।
  3. इसकी शैली नाटकीय तथा वार्तालाप की है।

Note : हिंदी साहित्य के बेहतरीन नोट्स देखें

(2) सोचिए बताइए…

सोचिए

बताइए

आपको अपाहिज होकर कैसा लगता है।

कैसा

यानी कैसा लगता है

(हम खुद इशारे से बताएँगे कि क्या ऐसा?)

सोचिए

बताइए

थोड़ी कोशिश करिए

(यह अवसर खो देंगे ?)

आप जानते हैं कि कार्यक्रम रोचक बनाने के वास्ते

हम पूछ-पूछकर उसको रुला देंगे

इंतजार करते हैं आप भी उसके रो पड़ने का

करते हैं?

(यह प्रश्न पूछा नहीं जाएगा)

कठिन-शब्दार्थ : रोचक=दिलचस्प। इन्तजार=प्रतीक्षा।

भावार्थ – कवि के वर्णनानुसार दूरदर्शन कार्यक्रम का संचालक एक अपंग व्यक्ति का साक्षात्कार लेते समय उससे अटपटे प्रश्न करता है। वह उससे पूछता है कि आप सोचकर बताइये कि आपको अपाहिज होकर कैसा लगता है, अर्थात् अपाहिज होने से आपको कितना दुःख होता है। यदि वह अपंग नहीं बता पाता है तो संचालक उसे संकेत करके बताता है, बेहदे इशारे करते हुए कहता है कि क्या आपको इस तरह का दर्द होता है?

थोड़ा कोशिश कीजिए और अपनी पीड़ा से लोगों को परिचित कराइये। आपके सामने लोगों को अपनी पीड़ा बताने का यह अच्छा अवसर है, दूरदर्शन पर सारे लोग आपको देख रहे हैं। अपना दर्द नहीं बताने से आप यह मौका खो देंगे। आपको ऐसा मौका फिर नहीं मिल सकेगा।

कार्यक्रम का संचालक कहता है कि आपको पता है कि हमें अपने इस कार्यक्रम को रोचक बनाना है। इसके लिए यह जरूरी है कि अपाहिज व्यक्ति अपना दुःख-दर्द स्पष्टतया बता दे। इसलिए वे उससे इतने प्रश्न पूछेंगे कि पूछ-पूछकर रुला देंगे। उस समय दर्शक भी उस अपंग व्यक्ति के रोने का पूरा इन्तजार करते हैं; क्योंकि दर्शक भी दूरदर्शन पर अपंग व्यक्ति के दुःख-दर्द को उसके मुख से सुनना चाहते हैं। क्या वे भी रो देंगे, अर्थात् क्या उनकी प्रतिक्रिया मिल सकेगी ?

विशेष-

  1. कवि ने बताया है कि मानवीय संवेदना विक्रय की वस्तु नहीं है।
  2. ‘आपको अपाहिज’ में अनुप्रास अलंकार है।
  3. ‘पूछ-पूछकर’ में पुनरुक्तिप्रकाश अलंकार है।
  4. ‘आपको… लगता है’ में प्रश्नालंकार है।

(3) फिर हम परदे पर दिखलाएँगे।

फिर हम परदे पर दिखलाएँगे।

फूली हुई आँख की एक बड़ी तसवीर

बहुत बड़ी तसवीर

और उसके होंठों पर एक कसमसाहट भी

(आशा है आप उसे उसकी अपंगता की पीड़ा मानेंगे)

एक और कोशिश

दर्शक

धीरज रखिए

हमें दोनों एक संग रुलाने हैं

आप और वह दोनों

(कैमरा बस करो नहीं हुआ

रहने दो

परदे पर वक्त की कीमत है)

अब मुसकुराएँगे हम

आप देख रहे थे सामाजिक उद्देश्य से युक्त कार्यक्रम

(बस थोड़ी ही कसर रह गई)

धन्यवाद।

कठिन-शब्दार्थ : कसमसाहट = छटपटाहट, बेचैनी। अपंगता -अपाहिजपन।

भावार्थ – दूरदर्शन कार्यक्रम संचालक का यह प्रयास रहता है कि उसके बेहूदे प्रश्नों से अपाहिज रोवे और वह उससे सम्बन्धित दृश्य का प्रसारण करे। इसलिए वह अपाहिज की सूजी हुई आँखें बहुत बड़ी करके दिखाता है। इस प्रकार वह उसके दुःख-दर्द को बहुत बड़ा करके दिखाना चाहता है। वह अपाहिज के होठों की बेचैनी एवं लाचारी भी दिखाता है। संचालक कार्यक्रम को रोचक बनाने के प्रयास में सोचता है कि अपाहिज की बेचैनी को देखकर दर्शकों को उसकी अनुभूति हो जायेगी ।

इसलिए वह कोशिश करता है कि अपाहिज के दुःख-दर्द को इस तरह दिखावे कि दर्शक केवल उस अपाहिज को देखें और धैर्यपूर्वक उसके दर्द को आत्मसात् कर सकें। परन्तु कार्यक्रम संचालक जब दर्शकों को रुलाने की चेष्टा में सफल नहीं होता है, तो तब वह कैमरामैन को कैमरा बन्द करने का आदेश देता है तथा कहता है कि अब बस करो, यदि अपाहिज का दर्द पूरी तरह प्रकट न हो सका, तो न सही। परदे का एक-एक क्षण कीमती होता है। समय और धन-व्यय का ध्यान रखना पड़ता है।

आशय यह है कि कार्यक्रम को दूर-दर्शन पर प्रसारित करने में काफी समय एवं धन का व्यय होता है। इसलिए अपाहिज के चेहरे से कैमरा हटवाकर संचालक दर्शकों को सम्बोधित कर कहता है कि अभी आपने सामाजिक उद्देश्य की पूर्ति हेतु दिखाया गया कार्यक्रम प्रत्यक्ष देखा। इसका उद्देश्य अपाहिजों के दुःख-दर्द को पूरी तरह सम्प्रेषित करना था, परन्तु इसमें थोड़ी-सी कमी रह गई, अर्थात् अपाहिज के रोने का दृश्य नहीं आ सका तथा दर्शक भी नहीं रो पाये।

अगर दोनों एक साथ रो देते, तो कार्यक्रम सफल हो जाता। अन्त में कार्यक्रम संचालक दर्शकों को धन्यवाद देता है। यह धन्यवाद मानो उसके संवेदनाहीन व्यवहार पर व्यंग्य है।

विशेष –

  1. कवि ने दूरदर्शन पर दिखाए जाने वाले कार्यक्रम का व्यंग्यात्मक चित्रण किया है।
  2. मुक्त छंद का प्रयोग तथा वार्तालाप में नाटकीय शैली का प्रयोग किया है।

कैमरे में बंद अपाहिज कविता का भाषा शिल्प और काव्य सौंदर्य (Bhasha Shilp)

रघुवीर सहाय की यह कविता अपने विशिष्ट शिल्प, कड़े व्यंग्य और अनूठी शैली के लिए हिंदी साहित्य में विशेष स्थान रखती है। इसका भाषा-शिल्प और काव्य सौंदर्य निम्नलिखित बिंदुओं के अंतर्गत समझा जा सकता है:

  • मुक्त छंद का प्रयोग: यह कविता पारंपरिक छंदबद्धता से मुक्त है। इसमें बोलचाल की भाषा और सहज प्रवाह का विशेष ध्यान रखा गया है, जो इसे पाठकों के सीधे दिल तक पहुँचाता है।

  • नाटकीयता और वार्तालाप शैली: पूरी कविता एक नाटक या टीवी स्टूडियो के लाइव इंटरव्यू की तरह चलती है। इसमें प्रश्न-उत्तर और संवाद शैली का बहुत ही सजीव प्रयोग किया गया है, जिससे पाठक को ऐसा महसूस होता मानो वह खुद उस स्टूडियो का दृश्य देख रहा हो।

  • कोष्ठकों (Brackets) का चमत्कारी प्रयोग: कविता की सबसे बड़ी शिल्पगत विशेषता यह है कि इसमें कई महत्वपूर्ण निर्देश और बातें कोष्ठकों ( ) के भीतर लिखी गई हैं, जैसे— (कैमरा दिखाओ इसे बड़ा बड़ा) या (यह प्रश्न पूछा नहीं जाएगा). ये कोष्ठक कैमरामैन और संचालक के छिपे हुए क्रूर इरादों तथा परदे के पीछे की सच्चाई को उजागर करते हैं।

  • व्यंग्यात्मक और सपाटबयानी भाषा: कवि ने किसी भी प्रकार के जटिल अलंकारों या दुरूह शब्दावली का प्रयोग करने के बजाय सीधी, सपाट और तीखे व्यंग्य से भरी भाषा का इस्तेमाल किया है, जो पाठक के मन में सीधा आघात करती है।

  • प्रतीकात्मकता: ‘दूरदर्शन’ और ‘कैमरा’ यहाँ केवल यंत्र नहीं हैं, बल्कि ये आधुनिक संवेदनहीन समाज और क्रूर व्यावसायिक व्यवस्था के सशक्त प्रतीक बनकर उभरे हैं।

FAQ(कैमरे में बंद अपाहिज के प्रश्न उत्तर (Question Answers)

Q1. 'कैमरे में बंद अपाहिज' कविता के रचयिता (कवि) कौन हैं और यह किस काव्य-संग्रह से ली गई है?
इस कविता के प्रसिद्ध कवि **रघुवीर सहाय** हैं और यह उनकी चर्चित रचना उनके कविता-संग्रह **’लोग भूल गए हैं’** से संकलित की गई है।
Q2. 'कैमरे में बंद अपाहिज' कविता का मुख्य उद्देश्य या मूल भाव क्या है?
इस कविता का मुख्य उद्देश्य मीडिया और दूरदर्शन (टीबी) की व्यावसायिक मानसिकता, संवेदनहीनता तथा टीआरपी (TRP) के चक्कर में किसी लाचार या पीड़ित व्यक्ति के दुख का तमाशा बनाने की क्रूर प्रवृत्ति पर करारा व्यंग्य करना है।
Q3. टीवी स्टूडियो में अपाहिज व्यक्ति को क्यों बुलाया जाता है?
टीवी स्टूडियो में एक अपाहिज व्यक्ति को इसलिए बुलाया जाता है ताकि उसके दर्द और आंसुओं को कैमरे के सामने बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया जा सके, जिससे दर्शकों की भावनाएं आहत हों और उनके कार्यक्रम को व्यावसायिक लाभ (TRP) मिल सके।
Q4. कार्यक्रम संचालक अपाहिज व्यक्ति से किस तरह के अटपटे और असहज करने वाले सवाल पूछता है?
संचालक उस अपंग व्यक्ति से ऐसे बेतुके सवाल पूछता है जैसे— “क्या आप अपाहिज हैं?”, “आपको अपाहिज होकर कैसा लगता है?” और “आपका दुख क्या है?”, ताकि वह असहज होकर कैमरे के सामने रो पड़े।
Q5. कार्यक्रम को अधिक प्रभावी और रोचक बनाने के लिए कैमरामैन को क्या निर्देश दिया जाता है?
कैमरामैन को यह निर्देश दिया जाता है कि वह अपाहिज व्यक्ति के चेहरे को और उसकी सूजी हुई, आंसुओं से भरी आँखों को कैमरे के सामने बहुत बड़ा-बड़ा (Zoom करके) दिखाए।
Q6. कवि ने कविता में 'समर्थ शक्तिवान' शब्द का प्रयोग किसके लिए किया है?
‘समर्थ शक्तिवान’ शब्द का प्रयोग दूरदर्शन के कार्यक्रम संचालकों और मीडिया कर्मियों के लिए किया गया है, जो साधन-संपन्न और शक्तिशाली होने के बावजूद मानवीय संवेदनाओं के प्रति पूरी तरह संवेदनहीन होते हैं।
Q7. कविता के अंत में कार्यक्रम संचालक क्या कहकर कार्यक्रम का समापन करता है?
अंत में संचालक मुस्कुराते हुए दर्शकों से कहता है कि आप सभी सामाजिक उद्देश्य से युक्त एक बेहतरीन कार्यक्रम देख रहे थे, बस थोड़ी सी कसर रह गई (यानी वे दोनों रो नहीं पाए), और अंत में सभी को धन्यवाद ज्ञापित करता है।
Q8. इस कविता की भाषा-शिल्प और शैली की क्या प्रमुख विशेषताएँ हैं?
इस कविता में मुक्त छंद का प्रयोग किया गया है। इसकी शैली नाटकीय और आपसी बातचीत (वार्तालाप) वाली है, तथा इसमें व्यंग्यात्मक भाषा के साथ-साथ कोष्ठकों (Brackets) का विशेष उपयोग किया गया है।
Q9. क्या मीडिया कर्मियों को वास्तव में अपाहिज व्यक्ति की पीड़ा या उसके दुख से कोई वास्तविक लगाव होता है?
जी नहीं, मीडिया कर्मियों को उनके दुख से कोई वास्तविक लगाव नहीं होता; उन्हें केवल अपने कार्यक्रम की सफलता, समय की कीमत (परदे पर वक्त की कीमत) और व्यावसायिक मुनाफे से मतलब होता है।
Q10. 'कैमरे में बंद अपाहिज' कविता पाठकों को क्या महत्वपूर्ण संदेश देती है?
यह कविता हमें यह संदेश देती है कि मानवीय संवेदना और किसी की भी पीड़ा कोई बिकाऊ वस्तु या मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि हमें हर लाचार व्यक्ति की पीड़ा के प्रति सच्चे अर्थों में संवेदनशील होना चाहिए।

ये भी पढ़ें:

Note : हिंदी साहित्य के बेहतरीन नोट्स देखें

कवि देव का जीवन परिचय

पद्मावती समय व्याख्या

Search Queries:

कैमरे में बंद अपाहिज,कैमरे में बंद अपाहिज़,कैमरे में बंद अपाहिज कविता,कैमरे में बंद अपाहिज कविता की व्याख्या,कैमरे में बंद अपाहिज chapter 4,रघुवीर सहाय कैमरे में बंद अपाहिज,कैमरे में बंद अपाहिज प्रश्न उत्तर,कैमरे में बन्द अपाहिज,कक्षा 12. पाठ 4: रघुवीर सहाय: कैमरे में बंद अपाहिज,व्याख्या कैमरे में बन्द अपाहिज,कैमरे में बन्द अपाहिज कविता व्याख्या,कैमरे में बन्द अपाहिज कविता की व्याख्या,हिंदी कक्षा-12 पाठ-4 (कैमरे में बंद अपाहिज) प्रश्नोत्तर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *